ज्ञानपुर (भदोही)। जिले के गंगा घाटों से अब तीन माह तक बालू की निकासी नहीं हो सकेगी। बारिश और गंगा में बाढ़ आने की आशंका के मद्देनजर बालू नहीं निकला जाएगा। ऐसे में जिले में सार्वजनिक से लेकर निजी निर्माण कार्यों पर तीन माह तक के लिए ब्रेक लग जाएगा। और तो और बालू की उपलब्धता न होने पर दिसंबर में जनपद को ओडीएफ बनाने के लक्ष्य पर भी ग्रहण लग सकता है।
जिले में ई-टेंडरिंग नहीं हो सकी। वहीं गंगा घाटों पर अवैध ढंग से डंप बालू की नीलामी भी निरस्त कर दी गई है। ऐसे में डंप बालू का उठान न होने और नए बालू की निकासी न होने से समस्या बढ़ गई है। चूंकि बारिश के दौरान कोई भी बालू निकासी का रिस्क नहीं लेगा। साथ ही बाढ़ आने से बालू का पता भी नहीं चलेगा। यह क्रम कम से कम तीन माह यानी सितंबर तक रहेगा। ऐसे में अक्टूबर के पहले बालू निकासी संभव नहीं। बल्कि इससे और आगे बढ़ सकता है। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी हरीलाल यादव ने बताया कि बारिश के चलते गंगा में बालू निकासी संभव नहीं है। इसलिए अक्टूबर में ही इसके लिए टेंडर हो सकेगा। बारिश के सीजन में वैसे ही गंगा से बालू नहीं निकल पाता।