भदोही। अमृत 2.0 के तहत भदोही नगर में 11 नए ओवरहेड टैंक, 24 नए नलकूप व 314 किमी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। जल निगम (नगरीय) ने 176.66 करोड़ का प्रस्ताव (डीपीआर) बनाकर पहले ही शासन को भेजा जा चुका है। सोमवार को पालिका में सभासदों के साथ अनौपचारिक बैठक में अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह ने इसकी जानकारी दी।
नगर क्षेत्र में शहर में बढ़े तीन नए वार्डों में पेयजल की दिक्कत है। जगह-जगह सबमर्सिबल पंप लगाकर किसी तरह पेयजल की पूर्ति की जा रही है। इसी क्रम में पेयजल समस्या को महसूस करते हुए नगर पालिका ने काफी पहले ही शासन को अमृत 2.0 योजना में पेयजल की विस्तृत डीपीआर नगरीय जल निगम के माध्यम से भिजवाया था।
ईओ ने सभासदों को बताया कि प्रस्ताव हर जगह से पास हो चुका है। स्टेट लेवल टेक्निकल सेल (एसएलटीसी) में पहुंच गया है। शीघ्र ही योजना को स्वीकृति मिल जाएगी। जिसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। बताया कि इस योजना के धरातल पर उतरने के बाद कुल 27691 नए कनेक्शन दिए जाएंगे। वर्तमान में जिन घरों को सबमर्सिबल पंप से पानी मिल रहा है, उन्हें भी नए पाइपलाइन से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने सभासदों को विश्वास दिलाया कि इस योजना के पूरा हो जाने के बाद घर-घर पेयजल की व्यवस्था हो जाएगी। बैठक में अध्यक्ष प्रतिनिधि सभासद अतहर अंसारी, सहायक अभियंता जल निगम अरविंद राम, जेई जल निगम विवेक मौर्य, रवि कुमार, कृष्ण मोहन प्रजापति, गुलाम हुसैन संजरी, गिरधारी जायसवाल, अरविंद आदि मौजूद रहे।