ज्ञानपुर। लापरवाह ड्राइविंग लोगों की जान ले रही है। इस साल अब तक कुल 169 सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें 107 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। यातायात विभाग का दावा है कि इसमें करीब 60 फीसदी लोगों की जान बिना हेलमेट लगाने, ओवर स्पीड या तीन सवारी के कारण गई है। सड़कों पर अवैध कट, गड्ढे या फिर हाईवे पर खड़े वाहनों से टकराकर जान गंवाने वालों की संख्या कम है। जिले में वाराणसी-प्रयागराज हाईवे के अलावा 100 से अधिक संपर्क मार्ग और अन्य सड़कें हैं। हाईवे पर अवैध कट, हाईवे के किनारे खड़े वाहन और वाहनों की टक्कर से कई बार बड़े हादसे होते हैं लेकिन संपर्क मार्गों पर ओवरस्पीड, लापरवाह ड्राइविंग, बिना हेलमेट और यातायात नियमों की अनदेखी से हादसे होते हैं। साल 2025 में जनवरी से लेकर अब तक जिले में कुल 169 हादसे हो चुके हैं। इनमें 60 फीसदी से ज्यादा हादसे हाईवे पर हुए हैं। इसके अलावा संपर्क मार्ग और जिले की अंदरूनी सड़कों पर भी हादसे में लोगों ने जान गंवाई है। इस साल हुए हादसों में अब तक 107 लोगों ने जान गंवाई है। वहीं 62 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें करीब 95 के करीब हादसों में लोगों की लापरवाही सामने आई है। इसमें लगभग 67 लोगों की जान ओवरस्पीड, तीन सवारी या हेलमेट न लगाने के कारण गई है।