ज्ञानपुर। लोकसभा चुनाव को सकुशल एवं शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। बीएसएफ, सीआरपीएफ संग पुलिस और पीएसी के करीब साढ़े तीन हजार जवान तैनात होंगे। सुरक्षा का खाका पुलिस विभाग की ओर से खींचा जा चुका है। एक सप्ताह के अंदर उसे फाइनल टच दे दिया जाएगा। छठवें चरण में 12 मई को जिले में मतदान होना है। जिले की तीनों विधानसभाओं में 700 मतदान केंद्रो पर 11 लाख 53 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नामांकन प्रक्रिया खत्म होने के बाद प्रचार अभियान तेज हो जाएगा। चौथे और पाचवें चरण के बाद पैरामिलीट्री फोर्स की आमद जिले में शुरू हो जाएगी। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए 11 मई को पोलिंग पार्टियों संग सुरक्षाकर्मी भी बूथों पर रवाना हो जाएंगे। 12 मई को मतदान में एक-एक बूथ पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था रहेगी। पुलिस विभाग के आंकड़ो पर नजर डाली जाए तो कुल साढ़े तीन हजार सुरक्षाकर्मी चुनावी ड्यूटी में लगाए जाएंगे। इसमें करीब 1500 कांस्टेबल, 500 हेड कांस्टेबल, 50 इंस्पेक्टर संग 10 से अधिक क्षेत्राधिकारी भी रहेंगे। इसी तरह संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर बीएसएफ और सीआरपीएफ के जवान तैनात रहेंगे। अब तक सात कंपनी पैरामिलीट्री फोर्स और एक कंपनी पीएसी लगेगी। इसी तरह सभी होमगार्ड को भी बूथों पर तैनात किया जाएगा। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि मतदान के लिए सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की जा चुकी है। एक सप्ताह में उसको फाइनल टच दे दिया जाएगा।