भदोही। उत्तर रेलवे के जंघई रेलखंड के उतरेटिया-मोहनलाल गंज कनकहां में सोमवार से शुरू हुए नॉन इंटरलाकिंग कार्य के चलते भदोही वाराणसी रूट की तीन ट्रेनें रद रहीं। आगामी 23 अप्रैल तक यह सिलसिला चलेगा। इसके चलते अलग अलग दिन विभिन्न ट्रेनें रद रहेंगी। सोमवार को तीन प्रमुख ट्रेनों के रद हो जाने से भदोही स्टेशन पर रेलयात्रियों को मायूसी झेलनी पड़ी। यह अच्छी बात है कि ट्रेनों के रद होने के सूचना रेलवे द्वारा पहले से दी गई थी, जिससे कुछ राहत रही।
वाराणसी और देहरादून के बीच चलने वाली जनता एक्सप्रेस अप और डाउन दोनों को सोमवार से निरस्त कर दिया गया। अब यह ट्रेन 24 को चलेगी। हावड़ा से अमृतसर को जाने वाली पंजाब मेल एक्सप्रेस भी रद रही। इसके अलावा इस रूट की प्रमुख पैसेंजर ट्रेन वाराणसी - लखनऊ 54255 भी रद हो जाने से सवारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक कोमल सिंह के मुताबिक यह क्रम 23 अप्रैल तक चलेगा। अलग अलग दिन भिन्न भिन्न ट्रेनों को निरस्त किया गया है।
पैसेंजर ट्रेन वाराणसी आने जाने के लिए सबसे बेहतर ट्रेन है। इसके न चलने से यातायात पर भारी असर पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों को बस से सफर करना पड़ा। तीन प्रमुख ट्रेनों के प्रभावित होने का असर भदोही स्टेशन पर साफ दिखाई पड़ा। हलांकि भदोही और जंघई के रास्ते इलाहाबाद की ओर जाने वाली ट्रेनें पूर्व की भांति चलती रहीं जिससे स्टेशन पर रेलयात्रियों का दिन भर आना जाना लगा रहा।
--
रूट डायवर्ट कर चलेंगी गाड़ियां
भदोही (ब्यूरो)। चल रहे नान इंटरलाकिंग कार्य के चलते 12875 नीलांचल एक्सप्रेस 16, 19 एवं 21 अप्रैल को और 12876 नीलांचल एक्सप्रेस 19, 21 एवं 23 अप्रैल को, 12355 अर्चना एक्सप्रेस 16 और 20 अप्रैल को, 14865 मरुधर एक्सप्रेस 18 अप्रैल को, 14866 मरुधर एक्सप्रेस 17 अप्रैल को दूसरे मार्ग से परिचालित किए जाने का निर्णय लिया गया है।
--
आगामी दिनों निरस्त रहने वाली ट्रेनें
वाराणसी-भदोही रेल खंड पर चलने वाली निम्न ट्रेनें इस दौरान रद रहेंगी।
14265 जनता एक्सप्रेस 16 से 23 अप्रैल तक
14266 जनता एक्सप्रेस 16 से 23 अप्रैल तक
22407 गरीब रथ एक्सप्रेस 17, 19 व 22 अप्रैल
22408 गरीब रथ एक्सप्रेस 18, 20 व 23 अप्रैल
13005 पंजाब मेल एक्सप्रेस 17 से 23 अप्रैल
13006 पंजाब मेल एक्सप्रेस 17 से 23 अप्रैल
14219 वाराणसी - लखनऊ इंटरसिटी 17 से 23 अप्रैल
14220 लखनऊ - वाराणसी इंटरसिटी 17 से 23 अप्रैल
54255 वाराणसी - लखनऊ पैसेंजर 17 से 23 अप्रैल
54256 लखनऊ - वाराणसी पैसेंजर 17 से 23 अप्रैल