घोसिया। क्षेत्र के केशव प्रसाद राल्ही पीजी कॉलेज में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का समापन शुक्रवार को राष्ट्र सेवा संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान राष्ट्रसेवा को एनएसएस का मकसद बताया गया। अंतिम दिन कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख औराई एवं कॉलेज प्रबंधक विकास मिश्र ने सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन कर किया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आलोक त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्रसेवा ही राष्ट्रीय सेवा योजना की सार्थकता को प्रदर्शित करती है। इससे छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास और सेवा-भावना की जागृति होती है। उपरौठ प्रधानपति मोहन यादव ने कहा कि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अथक परिश्रम कर गांव में एक नई जागृति पैदा करते हुए लोगों को स्वच्छता, शिक्षा, प्रदूषण, पर्यावरण के प्रति जागरुक करना बहुत बड़ी उपलब्धि है। समापन के दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर अतिथियों का मन मोह लिया। दीपक यादव और काजल सिंह के नृत्य ने सबको झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बालविद्या प्रकाश ने किया। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार, आशीष श्रीवास्तव, डॉ. राजन दुबे, कुलदीप पांडेय, सुभाष केसरी, श्यामधर, दीपमाला, वंदना दुबे, राजकुमार तिवारी, अजय पटेल, विनोद यादव, शैलेंद्र चौरसिया, रवीश श्रीवास्तव, विकास जायसवाल आदि उपस्थित रहे।