कौलापुर। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र के धनापुर आवास पर आयोजित नौ दिवसीय सहस्रचंडी यज्ञ का बुधवार को विधि विधान से संपन्न हो गया। प्रयागराज से आए आचार्यों के वेद मंत्रों और हवन-पूजन से इलाका गुंजायमान हो उठा। बृहस्पतिवार को महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया है।
बुधवार को ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र और उनकी पत्नी एमएलसी रामलली मिश्र ने विधि विधान से देवी के सभी स्वरूपों की पूजा अर्चना की। उसके बाद हवन में वेद मंत्रों संग आहुति देकर देश और जिले के जन मानस की बेहतरी की कामना की। इस दौरान वेद श्लोक से आसपास का इलाका गुंजायमान होता रहा। यज्ञ परिक्रमा के लिए सुबह से लेकर शाम तक श्रद्धालुओं के आने-जाने का सिलसिला लगा रहा। प्रयागराज से आए आचार्य वेद प्रकाश शास्त्री की अगुवाई में 18 ब्राह्मणों ने वेद मंत्र पढ़े। अग्नि प्रज्वलन के बाद हवन-पूजन, आरती और आहुतियों से वातावरण देवीमय होता रहा। यजमान ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने सपत्नीक आहुति डाली। आचार्यों ने संपुटात्मक और हवनात्मक यज्ञ की महिमा का बखान किया। आचार्य वेद प्रकाश शास्त्री ने कहा कि गुप्त नवरात्र में सहस्रचंडी महायज्ञ विशेष फलदायी होता है। ज्ञानपुर विधायक ने बताया कि बृहस्पतिवार को महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। यज्ञ में पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया, अशोक शुक्ला, राजितराम यादव, ब्रह्मजीत शुक्ला,पिंटू शुक्ला, जानी मिश्रा, छोटे तिवारी, रविंद्र शुक्ला, अक्षय कुमार, मुन्ना तिवारी आदि मौजूद रहे।