भदोही। मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम राजेंद्र प्रसाद ने फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए लंबित मामलों को लेकर उपस्थित अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्हें निर्देशित किया कि अधिकारी दिलचस्पी दिखाते हुए यथासंभव निर्धारित समाय सीमा के भीतर निस्तारित कराएं। समाधान दिवस पर 116 में से सात मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
डीएम ने कहा कि मामलों को बढ़ने से पहले उन्हें निस्तारित करना है। इसमे राजस्व अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करना होगा। कहा कि जमीन के मामलों से विवाद बढ़ते हैं। प्राथमिकता होनी चाहिए कि छोटे विवादों को समय पर निपटाएं, जिससे समस्या गंभीर न हो। डीएम के समक्ष मामदेवपुर कंपोजिट जूनियर हाईस्कूल में शिक्षकों के अभाव का मामला भी पहुंचा। वार्ड सभासद रमेश सरोज ने पत्र देकर बताया कि मौजूदा समय में वहां 400 छात्र अध्ययनरत हैं, जबकि शिक्षक केवल एक हैं। डीएम ने मामले को बीएसए को सुपुर्द किया है।
ग्रामसभा मर्दनपुर की प्रधान सुशीला देवी ने सपा नेता रामधर यादव पंचू पर जमीन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए जांच कराने की मांग की। पिपरिस गांव के वृद्ध रंग बहादुर ने पट्टा होने के बाद भी नामांतरण नहीं करने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनका मामला काफी पुराना है। डीएम से बताया कि भूमि माफिया की नजरें इस भूमि पर है। भूमि पर काबिज होने के बाद भी नामांतरण नहीं हो पा रहा है और तहसील के चक्कर लगाने को मजबूर है।
एसडीएम यमुनाधर चौहान ने बताया कि कुल सात मामलों को निस्तारण कर दिया गया। बाकी को संबंधित अधिकारियों की सुपुर्दगी में दे दिया गया। समाधान दिवस पर एसपी राजेश एस के अलावा सीडीओ हरिशंकर सिंह, तहसीलदार रामजी, बीडीओ कमलजीत सिंह, उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रसाद भी मौजूद रहे।