ज्ञानपुर। काशियाना फाउंडेशन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से गोपीगंज सीएचसी में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के लिए शिविर का आयोजन किया गया है। 13 फरवरी को सुबह 11 बजे से आयोजित शिविर में जिले के ज्यादा से ज्यादा दिव्यांगजन पहुंचकर लाभ उठा सकते हैं।
नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आगामी 13 फरवरी को शिविर आयोजित कर दिव्यांगों का प्रमाण पत्र बनाया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी ने केंद्र में शिविर लगाने की अनुमति प्रदान की है। प्रभारी सीएमओ डॉ. एसएम सहाय ने कहा कि शिविर में विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ जांच कर प्रमाण पत्र बनाएंगे। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। बताया कि अब प्रत्येक माह के दूसरे बुधवार को लगने वाले शिविर में प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। काशियाना फाउंडेशन के सुमित सिंह ने बताया कि शिविर का शुभारंभ दिव्यांग विभाग के मुख्य आयुक्त डॉ. कमलेश कुमार पांडेय, जिलाधिकारी, सीडीओ और सीएमओ की उपस्थिति में किया जाएगा।