ज्ञानपुर। मकर संक्रांति के नजदीक आते ही धान और चूड़ा कुटाई का काम तेज हो गया है। जिसके लिए हर रोज बड़ी संख्या में कुटाई मशीन पर किसानों की भीड़ लग रही है। गांवों में लगी मशीनों पर हर रोज सात से नौ कुंटल धान और चूड़े की कुटाई हो रही है।
मकर संक्रांति पर अपने सगे संबंधियों तक खिचड़ी का उपहार भेजने के लिए बाजार से लेकर गांव तक में भीड़ लगने लगी है। धान कुटाई मशीन पर धान और चूरा कुटाने के लिए सुबह से ही किसानों की भीड़ आनी शुरू हो जाती है। जिसका क्रम पूरा दिन जारी रहता है। मकर संक्रांति पर धान और चूड़ा की कुटाई के लिए रविवार को क्षेत्र के भिदिउरा गांव में सूरज, बाबा, राजेश, सुरेश, श्यामलाल, रामजीआवन, गोरेलाल ने धान और चूड़ा कुटाई की मशीन लगा रखा है। बातचीत के दौरान बताया कि मकर संक्रांति के चलते सुबह से ही कुटाई के लिए लोगों की भीड़ लग जाती है। जिसमें ज्यादातर किसान चूड़ा कुटाई के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं 10 फीसदी किसान चावल कुटाई के लिए पहुंच रहे हैं। सामान्य दिनों की अपेक्षा इस समय कुटाई का काम बहुत ज्यादा चल रहा है। प्रतिदिन एक मशीन से लगभग सात कुंटल से नौ कुंटल चूरे की कुटाई की जा रही है।