ज्ञानपुर। जिला मुख्यालय मार्ग पर लगे खराब स्ट्रीट लाइट ठीक कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने रविवार को लखनो तिराहे पर विरोध-प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने खराब स्ट्रीट लाइट ठीक कराने और लखनो तिराहे पर गोलंबर का निर्माण कराए जाने की मांग की। कहा कि अगर जल्द उनकी मांगों पर अमल नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट मार्ग पर लगे स्ट्रीट लाइट खराब हो गए हैं। इससे मार्ग पर शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है। खराब स्ट्रीट लाइट ठीक कराने की मांग को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों को पत्रक सौंपा जा चुका है, लेकिन अधिकारी इसे गंभीरता से लेने को तैयार नहीं हैं। जिससे राहगीरों को रात्रि के समय आवागमन में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, लखनो तिराहे पर गोलंबर न होने से आए दिन सड़क दुर्घटना हो रहा है। तेज रफ्तार से आ रहे वाहन लखनो तिराहे पर तीब्र मोड़ होने के कारण अनियंत्रित होकर दूसरे गाड़ियों से भिड़ जा रहे हैं। आए दिन हो रहे सड़क हादसे में कई लोग घायल हो रहे हैं। जिला प्रशासन स्तर से कई बार उक्त स्थान पर गोलंबर बनवाने का आश्वासन दिया गया लेकिन वह सिर्फ वादा बनकर रह गया। इससे स्थानीय लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। इस मौके पर रमापति पाठक, शीतला प्रसाद शास्त्री, सुनील सिंह, महेंद्र यादव, लोलारख दूबे, प्रदीप मिश्र, हरिशंकर गुप्ता, राजकुमार आदि मौजूद रहे।