ज्ञानपुर/सुरियावां। खाद्य औषधी एवं प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को भदोही और सुरियावां नगर में खाद्य पदार्थों की दुकानों पर छापेमारी की। इससे दुकानदारों में खलबली मच गई। टीम ने दूध के दो जबकि तीन मिठाई समेत पांच सैंपल जांच के लिए उठाया।
दीपावली पर्व पर आपूर्ति सापेक्ष मांग बढ़ने से मिलावटी सामानों की बिक्री बढ़ जाती है। विभिन्न क्षेत्रों से आ रही शिकायतों के मद्देनजर शुक्रवार को जिला अभिहित अधिकारी मंजुला सिंह ने टीम के साथ भदोही नगर के स्टेशन रोड और सुरियावां मुख्य बाजार में छापेमारी की। भदोही में दूध के दो सैंपल जबकि सुरियावां में बर्फी, छेना और रंगीन मिठाई के तीन सैंपल लिया। इस दौरान छापेमारी से कई दुकानें धड़ाधड़ बंद होने लगी। जांच टीम के जाने के बाद दुकाने एक-एक करके खुलीं। मंजुला सिंह ने कहा कि दीपावली तक अभियान चलेगा। लैब से जांच के बाद मिलावट मिलने पर संबंधित दुकानदार पर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों से मिलावटी सामानों की बिक्री न करने की चेतावनी दी। जांच टीम में जेपी सिंह, रामसूरत यादव, ज्ञानेंद्र पाल, जय प्रकाश गुप्ता, निर्भय नारायण सिन्हा आदि रहे।