फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ठंड ने छीना धूप का ताप

विज्ञापन
विज्ञापन
ज्ञानपुर। 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली शीतलहरी ने बुधवार को धूप को बेअसर कर दिया। साफ आसमान के बीच खिली धूप के बावजूद गलन ने जनजीवन बेपटरी कर दिया। पूरे दिन लोग ठंड से बेहाल रहे। शाम होते ही कोहरे के गुबार ने वातावरण को ढंकना शुरू कर दिया और गलन ने चहारदीवारी के अंदर भी लोगों को कंपकपी छुड़ाना शुरू कर दिया। बुधवार को भदोही जिले का अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम नौ डिग्री रिकार्ड किया गया। इस बीच लगातार घने कोहरे के चलते आलू और दलहनी फसलों में पाला मारने की आशंका में किसानों की धड़कने बढ़ गईं हैं। बुधवार को पौ फटी तो चारों तरफ कोहरे का गुबार उमड़ा पड़ा था। हालांकि सूर्योदय के बाद धीरे-धीरे कोहरा छंटता गया और 10 बजते-बजते वातावरण साफ हो गया, लेकिन शीतलहरी के चलतेे गलन बरकरार रही और लोग ठिठुरते रहे। गलन के चलते धूप भी बेअसर साबित हुई। 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं पछुवा हवाओं ने सामान्य जनजीवन बेपटरी कर दिया। इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान दहाई के नीचे मंगलवार को आया, लेकिन अब तक तीन लोगों की मौत ठंड लगने से हो गई है। हाड़ कंपाती ठंड में दम तोड़ते लोगों के बढ़ते आंकड़े ने जिलेवासियों को सकते में डाल दिया है। ठंड के चलते लोग तेजी से बीमार भी पड़ने लगे हैं। कोल्ड डायरिया और उल्टी-दस्त की बीमारी की चपेट में आकर बड़ी संख्या में लोग आए दिन अस्पताल पहुंच रहे हैं। बुधवार को अकेले जिला अस्पताल में 35 लोगों को भर्ती कराया गया। इनमें से ज्यादातर लोग ठंड की बीमारी से पीड़ित थे। ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए चिकित्सकों ने एहतियात बरतने की सलाह दी है। जिले के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि ठंड में बुजुर्गों और बच्चों का खास ध्यान रखने की जरूरत है। बच्चों में निमोनिया तो बुजुर्गों में सांस और आंख की समस्या ठंड के चलते बढ़ सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें