रविवार को होने वाले निकाय चुनाव के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भारी-भरकम पुलिस बल के अलावा एक कंपनी, एक प्लाटून पीएसी और दो प्लाटून पैरा मिलिट्री फोर्स निकाय चुनाव की निगहबानी करेगी। सात नगर निकाय चुनावों के लिए सात क्यूआरटी भी तैनात की गई है, जो जरूरत पड़ने पर फौरी तौर पर मौके पर पहुंचेगी। इसके अलावा एक एंटी नक्सल यूनिट भी मतदान के दौरान सुरक्षा के लिए लगाई गई है। शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी और पुलिस अधीक्षक सचींद्र पटेल ने प्रेसवार्ता में चुनाव में कानून-व्यवस्था की जानकारी दी।
पुलिस कप्तान के मुताबिक चुनाव के दौरान कोई भी वाहन मतदान केंद्र से दो सौ मीटर दूर ही रोक दिए जाएंगे। मतदान केंद्रों पर किसी तरह की दुर्व्यवस्था न हो, इसका खास ध्यान रखा जाएगा। जिले के सातों नगर निकायों के 89 मतदान केंद्रों के 244 बूथों पर ड्यूटी के लिए 48 उप निरीक्षक, 41 हेड कांस्टेबल, 255 कांस्टेबल और 488 होमगॉर्ड लगाए गए हैं। कानून-व्यवस्था में 169 एसआई, 58 हेडकांस्टेबल, 592 कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। जिले के नौ थानों में से पांच थाने निकाय चुनाव की जद में आ रहे हैं। इन पर एक-एक थाना मोबाइल रहेगा, जो घूम-घूम कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेगा। 11 जोनों की जोनल पुलिस और 23 सेक्टर को मोबाइल फोन दिया गया है, जो लगातार कंट्रोल रूम के संपर्क में रहेंगे। मतदान के दिन समूचे जिले में कड़ी निगरानी रहेगी। इसके लिए जिलेभर में 44 बैरियर बनाए गए हैं। इसके अलावा 26 पिकेट प्वाइंट होंगे, जहां पुलिस कानून-व्यवस्था पर नजर रखेगी। चुनाव क्षेत्र के थानों पर भी पुलिस बल रिजर्व स्थिति में रहेगा। इनमें भदोही, गोपीगंज, ज्ञानपुर कोतवाली के अलावा सुरियावां और औराई थाने शामिल हैं। साथ ही चुनाव क्षेत्र की 15 पुलिस चौकियों पर भी रिजर्व पुलिस बल तैनात किया गया है, जो जरूरत पड़ने पर सक्रिय होगा। पुलिस कप्तान ने कहा कि वाहन मतदान केंद्र से दो सौ मीटर पहले रोक दिए जाएंगे।