ज्ञानपुर। देश की आजादी में भदोही के शहीद झूरी सिंह, शीतल पाल, पासी समाज, बाम्हण समाज, के अनेक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने कुर्बानियां दीं। देश में वीरों की पूजा होती है। किंतु वर्तमान समय का भारत नए युग की शुरुआत कर रहा है। किसानो की आमदनी दोगुनी करने का संकल्प केंद्र सरकार ने लिया है। इसके लिए प्रधानमंत्री सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री सड़क योजना समेत कई योजनाएं चल रही हैं। समृद्धवान होने के लिए बचत की भावना को जागृत करने की आवश्यकता है। जीवन समृद्धशाली होगा तभी मानव खुशहाल रहेगा।
यह बातें भारत छोड़ो आंदोलन की 75वीं वर्षगाठ पर केएनपीजी में जिला पंचायत स्तरीय पंचायत सम्मेलन में मुख्य अतिथि सांसद वीरेंद्र सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि आतंक वाद से लड़ने के लिए राष्ट्रहित में सभी को मिलकर जाति/धर्म/क्षेत्र, भाषावाद से दूर रहकर एक मंच से लगना होगा, तभी देश का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि गॉधी जी, जयप्रकाश नारायण, डॉ. रामनोहर लोहिया, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करने के लिए संकल्प की आवश्यकता है। डीएम विशाख जी ने सरकार की महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छ भारत मिशन पर बल देते हुए जिले को 31 दिसंबर तक खुले में शौच मुक्त बनाने की बात कही। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने जिले के लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि अपने घर, अपने परिवार, पास पड़ोस के लोगों को स्वच्छ मिशन में भागीदारी निभाएं। इससे विभिन्न बीमारियों से निजात मिलेगी। जिला पंचायत अध्यक्ष काजल यादव ने लोगों से सफाई अभियान में बढ़चढ कर भागीदारी करने को कहा। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख ज्ञानपुर मनीष मिश्र, सीडीओ हरिशंकर, शैलेंद्र दूबे, एसडीएम ज्ञानपुर सुनील कुमार, शशिचंद्र मिश्र समेत कई लोग मौजूद रहे।