ज्ञानपुर/औराई। औराई थानाक्षेत्र के खमरिया नगर के नागरिकों ने यूपी-100 में तैनात एक सिपाही पर मोहल्ले की महिला से अवैध संबंध का आरोप लगाकर बृहस्पतिवार पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। दर्जनों की तादाद में पहुंचे नागरिकों ने आरोपी सिपाही पर उचित कार्रवाई कर उसके आतंक से मुक्त कराने की मांग की। जिससे मोहल्ले और आसपास के लोग शांति से जीवन यापन कर सकें। चेतावनी दी कि कार्रवाई न होने पर वे सड़क जाम करने के लिए बाध्य होंगे।
नागरिकों ने बताया कि चौरी थाना क्षेत्र के यूपी-100 पुलिस में एक सिपाही तैनात है। उसका नगर के एक वार्ड निवासी महिला के साथ अवैध संबंध है। वह दिन में ड्यूटी करके रात में हर दूसरे तीसरे महिला के यहां पहुंचा रहता है। उसके कृत्य का मोहल्ले वाले विरोध करते हैं तो गाली-गलौज के साथ पुलिसिया रौब जमाता है। आरोप लगाया कि उसके चलते महिला के यहां बाहर गुंडे बदमाश आते हैं। इससे लोगों में भय व्याप्त है। बुधवार रात्रि में सिपाही के पहुंचने पर दर्जनों संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। भोर तीन बजे खमरिया चौकी पुलिस पहुंची तो वह बाहर निकला और खुद को महिला का रिश्तेदार बताया। इसके बाद औराई थाने से यूपी- 100 पुलिस को बुलाया तो उसे थाने ले गए। इसके बाद नागरिकों ने औराई थाने का घेराव किया। लेकिन, थानाध्यक्ष ने डांटकर हटा दिया। नागरिकों ने एसओ पर भी धमकाने का आरोप लगाया। इसके बाद लोग सीधे एसपी कार्यालय पहुंच गए और पुलिस कप्तान से गुहार लगाई। इस मौके पर लक्ष्मीना देवी, जियना देवी, मुनक्का, अमरावती, जसवंत, चंपा देवी, धर्मा देवी, शर्मीली देवी, प्रभावती देवी,राजेश कुमार,जड़ावती, गुलाबी, जयकिशन,पुष्पा,मोती,डंगरा, डब्बू, विकास,सुनीता, उर्मिला, राम सजीवन, राहुल कश्यप, गुलाम हसन, सुरेश चंद, दीपक, जय प्रकाश, बनारसी, बबलू, शीतला प्रसाद, रोहित आदि रहे। उधर महिला ने सिपाही के साथ संबंध के आरोप से इनकार किया। कहा कि एक सभासद उसके साथ अश्लील बातें करता है।