ज्ञानपुर। जिले में पहले चरण के पंचायत चुनाव के लिए शनिवार को नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई। जिसको लेकर सभी छह ब्लॉक और कलेक्ट्रेट पर गहमागहमी का माहौल रहा। जिला पंचायत के 101 और ग्राम प्रधानी के 1123 नामांकन पत्र वितरित हुआ। इसी तरह बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्यों का नामांकन पत्र बिका।
जिले में 26 जिला पंचायत, 546 ग्राम पंचायत, 661 क्षेत्र पंचायत और 6800 ग्राम पंचायत सदस्य की सीटों पर पहले चरण में 15 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिए तीन और चार अप्रैल को प्रत्याशी नामांकन करेंगे। शनिवार को ज्ञानपुर, भदोही, औराई, डीघ, सुरियावां और अभोली ब्लॉक में ग्राम प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्यों के नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। जबकि जिला पंचायत सदस्य सीट के लिए कलेक्ट्रेट पर लोग कतार में खड़े रहे। नामांकन को लेकर गहमागहमी का माहौल रहा। ज्ञानपुर ब्लॉक में ग्राम पंचायत सदस्य के 54, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 100 और ग्राम प्रधान के 300 पर्चे बिके। इस क्रम में औराई ब्लॉक परिसर में नामांकन पत्र वितरण को लेकर गहमागहमी रही। प्रधान पद के 263, बीडीसी के 146 और ग्राम पंचायत सदस्य के 67 नामांकन पत्र बिके। भदोही ब्लॉक में प्रधान पद के 258, सदस्य के 233 और बीडीसी के 83,डीघ ब्लॉक में प्रधान के 221, बीडीसी के 104 और ग्राम पंचायत सदस्य के 196 नामांकन पत्र बिके। अभोली ब्लॉक में प्रधान पद के लिए 60, बीडीसी के 23 और सदस्य के छह नामांकन पत्र सुरियावां ब्लॉक में प्रधान के 211, बीडीसी के 65 और सदस्य के 41 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय डीएस शुक्ला ने बताया कि जिला पंचायत के 101 पर्चे बिके। जिसमें सामान्य के 12 और ओबीसी, एससी और महिला के लिए आरक्षित 89 पर्चे बिके।
पंचायत चुनाव में नामांकन से पूर्व लगने वाले महत्वपूर्ण अभिलेख अदेय प्रमाणपत्र बनवाने के लिए शनिवार को जिल पंचायत कार्यालय में पूरे दिन हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। जिला पंचायत, बीडीसी, ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी और उनके समर्थक सुबह नौ बजे से ही कार्यालय पहुंच गए। दोपहर तक संख्या लगभग 300 पहुंच गई। पार्किंग की व्यवस्था न होने से भदोही- गोपीगंज मार्ग के किनारे स्थित कार्यालय के बाहर भीड़ लगने से जाम लग गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने किसी तरह जाम हटवाया। उसके बाद लाइन में खड़े होकर लोगों ने अदेय प्रमाणपत्र लिया। माइक से लोगों का नाम लेकर बुलाया जा रहा था। अपर पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार ने भी सुरक्षा का जायजा लिया।