ज्ञानपुर। कोरोना की दूसरी लहर की रफ्तार थमने के बाद शासन अब दूसरे जरूरी कार्यों को पूर्ण कराने की मुहिम में जुट गई है। जिले में 100 जोड़ों की शादी के लिए 51 लाख रुपये आवंटित किया गया है। शुक्रवार को सीडीओ भानु प्रताप सिंह ने बैठक कर सभी बीडीओ और ईओ को जोड़ों को चयनित करने की जिम्मेदारी सौंपी। कोरोना वायरस के कारण गुजरे छह-सात माह से सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शादी नहीं हो रही है। अब संक्रमण की गति कम होने से सामूहिक विवाह की तैयारी तेज हो गई है। विकास भवन सभागार में सीडीओ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में छह ब्लॉक के बीडीओ और सात नगरों के ईओ को जोड़ों के चयन को कहा गया हे। औराई, अभोली, डीघ, ज्ञानपुर, सुरियावां और भदोही ब्लॉक को 16-16 जोड़े जबकि सभी निकायों को एक-एक जोड़ों को लाने की जिम्मेदारी दी गई है। सीडीओ ने बताया कि सामूहिक विवाह के लिए शासन ने 51 लाख का आवंटन किया है। सभी जोड़ों की सूची फाइनल होने पर समारोह कर सामूहिक विवाह कराया जाएगा।