ज्ञानपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े किसानों का किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के लिए बृहस्पतिवार को जिले के सभी छह ब्लॉकों में कृषि विभाग की ओर से शिविर आयोजित किया गया। इसमें 10 हजार 965 किसानों ने केसीसी के लिए आवेदन किया। हालांकि डीघ और औराई ब्लॉक में सभी लेखपालों के न आने से किसानों को परेशान होना पड़ा।
पीएम किसान योजना से जुड़े किसानों को एक लाख 60 हजार का कर्ज मुहैया कराने के लिए केंद्र सरकार ने केसीसी बनाने का मौका दिया है। इसके लिए कृषि विभाग की ओर से ज्ञानपुर, डीघ, औराई, भदोही, अभोली और सुरियावां ब्लॉक में शिविर लगाया गया। इसमें राजस्व विभाग, बैंक अफसर संग कृषि विभाग के कर्मचारी पहुंचे। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आए किसानों ने केसीसी के लिए आवेदन भरा। सुरियावां ब्लॉक परिसर में कुल 450 किसानों ने फार्म भरा। मंगुरा और पट्टीबेजांव समेत 20 गांव के लेखपाल नहीं पहुंचे। इससे किसानों को परेशान होना पड़ा। जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार की देखरेख में आवेदन जमा किया गया।
इस मौके पर डीडीओ जयकेश त्रिपाठी, जयशंकर, अजय सिंह, सूरज कुमार, घनश्याम सिंह, आनंद सिंह, रविंद्र यादव, अनुज मौर्य आदि रहे। ज्ञानपुर ब्लॉक कार्यालय में लगे शिविर में 250 आवेदन जमा हुए। एडीओ एजी कमला यादव के साथ ही शशांक पटेल, सत्यप्रकाश सिंह, रोहित सिंह, शिवशंकर, बलवंत मौर्या, ओमप्रकाश, धर्मराज यादव के साथ ही लेखपाल अमरेश पांडेय, बेलाल अहमद, रमाशंकर लाल, हरिकेश, मुरलीधर, सुचेता, इंद्र प्रकाश तिवारी, सपना सिंह, रामनारायण प्रजापति आदि रहे।
औराई ब्लॉक परिसर में 463 किसानों का आवेदन जमा किया गया। ब्लॉक में अधिकतर ग्राम पंचायतों के लेखपाल केे साथ ही कई बैंक के कर्मचारी भी नहीं पहुंचे, जिससे बड़ी संख्या में किसान अपना फार्म भरे बिना ही लौट गए। इस मौके पर एडीओ एजी सुरेश चंद्र सिंह आदि रहे। उप कृषि निदेशक अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि सभी ब्लॉकों को मिलाकर कुल 10 हजार 965 किसानों का फॉर्म जमा किया गया। उन्होंने कहा कि जो किसान फार्म नहीं भर सके हैं, वह 29 फरवरी को ब्लॉक में लगने वाले शिविर में भर सकेंगे।