केंद्र सरकार विद्यार्थियों में वैज्ञानिक रुचि बढ़ाने के लिए अटल अभिनव मिशन योजना के तहत विद्यालयों में प्रयोगशालाएं स्थापित कराएगी। विद्यालयों में प्रयोगशाला बनाने के लिए 10-10 लाख रुपये मिलेंगे। इस संबंध में उप शिक्षा निदेशक का पत्र आने के बाद विभाग हरकत में आ गया है। 17 जून तक इसके लिए आवेदन मांगा गया है।
जिले के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट कॉलेजों में नाम मात्र की ही प्रयोगशालाएं हैं। इससे वहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक अभिरुचि कम होती जाती है। मानव संसाधन और विकास मंत्रालय छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक सोच बढ़ाने के लिए अटल अभिनव मिशन योजना के तहत स्कूलों में प्रयोगशाला बनवाएगा। पहले चरण में देश भर में 500 प्रयोगशालाएं स्थापित होंगी। उप शिक्षा निदेशक भगवती सिंह का पत्र डीआईओएस कार्यालय में आ गया है। इसके बाद विभागीय अधिकारी हरकत में आ गए हैं। विभाग ने पत्र भेजकर 17 जून तक आवेदन जमा करने का निर्देश दिया है।
डीआईओएस संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि प्रयोगशाला स्थापना के बाद उसे संचालित करने के लिए हर साल दो लाख की दर से पांच साल में 10 लाख शासन से मिलेगा। उन्होंने बताया कि आवेदन के बाद शासन से तय होगा कि जिले में कितने प्रयोगशालाएं बनेंगी।