हर्रैया/बस्ती। अयोध्या घूमने गया युवक सरयू नदी में डूबकर लापता हो गया। वह दोस्तों के साथ लक्ष्मण घाट पर स्नान कर रहा था। अचानक वह नदी में डूबने लगा। दोस्तों के शोर मचाने पर जल पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक वह लापता हो चुका था। नदी में खोजबीन जारी रही लेकिन उसका पता नहीं चल सका। हर्रैया थाना क्षेत्र के रतनपुर बाबू गांव निवासी नंदलाल वर्मा का 22 वर्षीय पुत्र रत्नेश वर्मा उर्फ डब्लू कस्बे के जीएसएएस अकादमी में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह मंगलवार को दोस्त कपिल वर्मा, लालजी वर्मा व अमित वर्मा निवासी तेनुआ तथा राज कुमार वर्मा निवासी बरहपुर के साथ अयोध्या घूमने गया था। दिन में करीब 11.30 बजे अयोध्या पुल के पास लक्ष्मण घाट पर सरयू नदी में सभी स्नान करने लगे। इसी बीच रत्नेश गहरे पानी मे चला गया।जब तक उसके दोस्त कुछ समझ पाते वह नदी के तेज बहाव में डूब गया। शोर मचाने पर जल पुलिस गोताखोरों के साथ युवक की तलाश में जुट गई। मगर कुछ पता नही चला। देर शाम तक उसकी तलाश की जा रही थी। युवक के नदी में डूबने की खबर पहुंचते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रोना चिल्लाना शुरू हो गया। लापता युवक के घर में माता- पिता के अलावा छोटा भाई है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।