- कोरोना का संदिग्ध मानते हुए रोक दी गई थी चिकित्सा सेवा,
- नमूना लेने व शव घरवालों को सौंपने के शाम पांच बजे शुरू हुई अस्पताल की आपातकालीन सेवा
अमर उजाला ब्यूरो
भानपुर(बस्ती)। स्थानीय सीएचसी पर बुधवार को उपचार के लिए गए एक युवक की मौत हो गई। उसे कोरोना का संदिग्ध मानते हुए तत्काल सारी सेवाएं रोक दी गईं। जांच के लिए मृत युवक का नमूना लेने के बाद शव पॉलिथीन में पैक कर घरवालों को इस हिदायत के साथ सौंप दिया गया कि सावधानी के साथ अंतिम संस्कार करें। स्वास्थ्य केंद्र को सैनिटाइज कराने के बाद शाम पांच बजे अस्पताल की आपातकालीन सेवा शुरू कर दी गई।
बुधवार सुबह 9.30 बजे एक युवक की ज्यादा तबीयत खराब होने पर वह अपने मौसा व अन्य रिश्तेदारों के साथ सीएचसी पर पहुंचा था। वह मुंबई से कुछ दिन पूर्व गांव लौटा था। चिकित्सक के अनुसार वह सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित था। जांच चल ही रही थी इसकी बीच उसकी मौत हो गई। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि मृतक की यात्रा का इतिहास और बीमारी के लक्षण को देखते हुए उसे कोरोना का संदिग्ध माना गया है। शव को सुरक्षित कराकर जांच के लिए नमूना लेकर घरवालों को शव सौंप दिया गया।
एसडीएम आशाराम वर्मा व सीएचसी अधीक्षक डॉ. विवेक विश्वास ने बताया कि अस्पताल को आधिकारिक तौर पर सील नहीं किया गया था। मृतक को कोरोना का संदिग्ध मानकर सैंपल लिए जाने तक एहतियात के तौर पर अस्पताल में अन्य लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। जांच रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल को सैनिटाइज कराने के बाद शाम पांच बजे आपातकालीन सेवा शुरू कर दी गई।