खेत के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या
बस्ती। फसल की बुआई के बाद खेत को जोतवाने पर पट्टीदारों के बीच बृहस्पतिवार को विवाद हो गया। इसमें 22 वर्षीय युवक को दूसरे पक्ष ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मार कर हत्या कर दी। आनन-फानन में परिवार के लोग युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना दुबौलिया थाना क्षेत्र के उमरिया गांव की है, जहां संपत प्रसाद दूबे का उनके पट्टीदार अशोक दूबे से दो बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पट्टीदार अशोक दूबे सेना में कार्यरत हैं। करीब 15 दिन पहले वह छुट्टी पर घर आए हैं। संपत प्रसाद ने विवादित खेत में गेहूं की फसल की बुआई की जा चुकी है। दुबौलिया थाना इंचार्ज बह्मा गौड़ ने बताया कि बृहस्पतिवार को दिन में दोनों पक्षों में सुलह करा दिया गया था। लेकिन शाम को गांव में दोनों पक्ष फिर भिड़ गए। एक पक्ष ने 22 वर्षीय राजमोहन को लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। परिजन आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉ. सचान ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचे मृतक राजमोहन के भाई बह्मानंद दूबे का आरोप है कि आरोपी अशोक दुबे शाम करीब चार बजे 20-25 लोगों को साथ लेकर फसल की बुआई की गई खेत को जोतने पहुंचे थे। इसकी जानकारी होने पर पिता संपत प्रसाद ने विरोध किया तो उनकी पिटाई कर दी। यह देख छोटा भाई राजमोहन बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने लाइसेंसी बंदूक से उसे गोली मार दी।
गोली मारे जाने की सूचना दुबौलिया पुलिस और सीओ कलवारी अनिल कुमार सिंह पहुंचे। घटनास्थल से एक कारतूस व एक खोखा बरामद किया गया है। फायरिंग करने का आरोपी अशोक दुबे के तलाश में पुलिस जुट गई है।