- लालगंज थाने के कटया पंडित गांव के अवनीश यादव की हुई थी मौत
संवाद न्यूज़ एजेंसी
लालगंज। थाना क्षेत्र के कटया पंडित गांव निवासी युवक की सोमवार को संतकबीरनगर के मगहर पुल के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से मौत हो गई। मंगलवार को शव का अंतिम संस्कार किया गया। गांव में मातम छाया है।
लालगंज क्षेत्र के कटया पंडित गांव निवासी अवनीश यादव (25) पुत्र रामकृपाल यादव गोरखपुर में प्लाईवुड कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद पर काम करते थे। वह बाइक से गोरखपुर आते-जाते थे। सोमवार को करीब 4:00 बजे गोरखपुर से घर आते समय मगहर पुल के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना करीब तीन से चार घंटे बाद पहचान हो पाई। इस बारे में जानकारी होने पर मगहर पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। मृतक के पांच भाई हैं, जिसमें अमरजीत, अमरनाथ, रजनीश व जयनीश के बाद अवनीश सबसे छोटे थे। पिता राम कृपाल खेती करते हैं। एक भाई लालगंज बाजार में सहज जन सेवा केंद्र चलाता है। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया।