कप्तानगंज। हर्रैया थाना क्षेत्र के रेहरवा गांव में मंगलवार देर रात संदिग्ध हालात में घायल मिले भावपुर निवासी शैलेश कुमार चौधरी (25) की मेडिकल कॉलेज कैली में इलाज के दौरान मौत हो गई। मां-बाप के इकलौते पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आठ माह की गर्भवती पत्नी शीला देवी सदमे में हैं। ढाई साल की बेटी शानवी के सिर से पिता का साया उठ गया।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भावपुर के शैलेश खेती-बारी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक, वह मंगलवार को किसी काम से हर्रैया थाना क्षेत्र के रेहरवा गांव गए थे। देर रात करीब नौ बजे वह संदिग्ध हालात में घायल मिले। सूचना मिलने पर पहुंचे रिश्तेदार उन्हें घर लेकर आए। हालत गंभीर होने पर परिजन मेडिकल कॉलेज कैली ले गए। वहां कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
शैलेश के पिता रामू चौधरी की कई वर्ष पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। परिवार में मां जयंत्री देवी, पत्नी शीला देवी और ढाई साल की बेटी शानवी हैं। सूचना पर महराजगंज चौकी प्रभारी अनिल कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।