नगर बाजार/कप्तानगंज। नगर थाना क्षेत्र के रमवापुर कला गांव में बृहस्पतिवार सुबह सड़क किनारे संदिग्ध हालात में घायल मिले रामभवन (40) की मौत हो गई। पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। रामभवन के भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों की ओर से जताई गई हत्या की आशंका को भी जांच में शामिल किया गया है।
बुधवार शाम करीब चार बजे निकले रमवापुर कला निवासी रामभवन पुत्र रामजग देर रात तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारियों में उनकी तलाश की लेकिन पता नहीं चला। बृहस्पतिवार सुबह उनके सड़क किनारे घायल पड़े होने की सूचना मिली। परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहां उनकी मौत हो गई। रामभवन के भाई त्रिभुवन नगर थाने में चौकीदार हैं। त्रिभुवन के अनुसार, रामभवन की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। वह सीधे-साधे स्वभाव के व्यक्ति थे। घर से निकलने के बाद से घायल मिलने तक की परिस्थितियां संदिग्ध हैं। उन्होंने भाई की हत्या की आशंका जताई है।