टिनिच। गौर थाना क्षेत्र के ककरहवा घाट पर बृहस्पतिवार दोपहर दोस्तों के साथ कुआनो नदी में स्नान करने गया युवक पानी के तेज बहाव में डूब गया। एनडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी है।
वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के सुकरौली गांव निवासी आदर्श (23) बृहस्पतिवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ कुआनो नदी के ककरहवा घाट पर स्नान करने गए थे। बताया गया कि नदी के पास नाले पर बनी पुलिया से आदर्श पानी में कूद गए। तेज बहाव के कारण वह डूबने लगे। जब तक उनके दोस्त कुछ समझ पाते, वह गहरे पानी में समा गए।
मौके पर आई गौर पुलिस ने एनडीआरएफ टीम को सूचना दी। जवानों ने नदी में कई घंटे तक युवक की तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। प्रभारी निरक्षक अतुल अजंन ने बताया कि अब गोताखोरों से तलाश की जाएगी। परिजन के अनुसार आदर्श माता-पिता की दूसरी संतान था और वर्तमान में कंप्यूटर की ट्रेनिंग ले रहा था।