लालगंज। दुबौलिया थाना क्षेत्र के देईडीहा चौराहे पर मंगलवार की रात सड़क हादसे में घायल एक युवक की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई है। वह अपने साले की शादी समारोह में शामिल होने गए थे। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
लालगंज बाजार निवासी अली हुसैन (35) पुत्र बरकत अली मंगलवार को दुबौलिया थाना क्षेत्र के महुआडांड़ गांव में अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए ससुराल गए हुए थे। बारात से ससुराल लौटने के बाद शाम को दुबौलिया क्षेत्र के देईडीहा चौराहे पर चाय पीने जा रहे थे। इसी बीच चौराहे से ठीक पहले मोड़ पर एक बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। जिससे अली हुसैन और उनके साले को गंभीर चोटें आईं।
पुलिस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पर इलाज के दौरान रात लगभग 1 बजे अली हुसैन की मौत हो गई। अली हुसैन मेहनत मजदूरी का काम करके अपना परिवार चलाता था। उनकी मौत के बाद पत्नी नसीबुन्नीसा और 12 वर्षीय बेटी खुशनुमा, 10 वर्षीय बेटा अब्दुरहमान, गोलू सात वर्ष, नायरा चार साल का रो- रोकर बुरा हाल है। सबसे छोटो उस्मान एक साल को कुछ भी नहीं मालूम चल रहा है। संवाद