तालाब में डूबने से युवक की मौत
नगर बाजार (बस्ती)। थानाक्षेत्र के चंदों ताल के खोभवा में मछली का शिकार करने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर कस्बे के दक्षिण टोला निवासी अशोक (35) पुत्र कन्हैया हमउम्र साथियों के साथ खोभवा तालाब में मछलियों की रखवाली करता था। उसने मछली पाल रखी थी। बुधवार सुबह वह अकेले रखवाली करते समय फिसलकर तालाब में जा गिरा, जिससे वह डूब गया। उसे पानी में उतराता देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस दिन में करीब 11 बजे मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। चार भाइयों में दूसरे नंबर के अशोक के घर में उसकी पत्नी सरोज के अलावा तीन बच्चों की जिम्मेदारी उस पर थी।