कप्तानगंज। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के वायरलेस चौराहा-नगर बाजार मार्ग पर स्थित दुबौली मिश्र गांव के निकट बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे गिरी पेड़ की टहनी से एक बाइक टकरा गई। इस दौरान बाइक सवार के सीने में पेड़ की डाली घुसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मनिकरपुर गांव के रहने वाले राम लखन चौधरी उनका सबसे छोटा बेटा उमेश चौधरी (24) बृहस्पतिवार की सुबह किसी काम से बाइक से खजुरिया गया था। लौटते समय जैसे ही वह कप्तानगंज थाना क्षेत्र के दुबौली गांव स्थित पेट्रोल पंप के निकट पहुंचा तभी अचानक उसकी बाइक सड़क के किनारे गिरे पेड़ की टहनी से टकरा गई कर बाइक झाड़ी में चली गई। उमेश के सीने और पेट में पेड़ की डाली घुसने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
जिंदा होने की उम्मीद पर परिजन और आसपास के लोग एंबुलेंस से सीएचसी कप्तानगंज ले गए। वहां डॉक्टरों परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उमेश की मौत से पिता राम लखन चौधरी, बड़े भाई राजू, मझोले भाई राम सिंह का रो- रोकर बुरा हाल है।