महादेवा। लालगंज थाना क्षेत्र के महादेवा चौराहे पर पुलिस चौकी से महज 100 मीटर दूर रविवार देर रात पिकअप की चपेट में आकर पैदल जा रहे युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लालगंज थानाक्षेत्र के पगार निवासी चंद्र कौशल उर्फ गुड्डू (36) क्षेत्र में मांगलिक कार्यक्रम के निमंत्रण में गए थे। रात करीब साढ़े 11 बजे लौटते समय महादेवा चौराहे पर पहुंचते ही अचानक लालगंज की तरफ से आ रही पिकअप ने चपेट में ले लिया। टक्कर इतना तेज था कि चंद्रकौशल उछलकर दूर जा गिरे। गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। किसी बारात से लौट रहे गांव के ही एक युवक ने चंद्रकौशल की पहचान की और घटना की सूचना परिवार के लोगों को दी। परिवार के लोग एंबुलेंस से चंद्रकौशल को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया। चंद्रकौशल मां-बाप के इकलौते पुत्र थे। उनकी एक बहन भी है। जिसकी शादी हो गई है। पत्नी के अलावा 10 वर्षीय बेटी आंचल व सात वर्षीय पुत्र अमरदीप का रो-रोकर बुरा हाल है।