संवाद न्यूज एजेंसी
गौर। रेलवे स्टेशन से चार किमी पश्चिम सुमही इंटर कॉलेज के पास बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे डाउन रेलवे लाइन से जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने में जुट गई। कुछ देर बाद उसकी पहचान गौर थाना के बिशनपुरा गांव के कमला प्रसाद विश्वकर्मा (45) के रूप में हुई।
हादसा स्थल के पास रहने वालों ने बताया कि गौर-बभनान रेलवे स्टेशन के बीच सुमही इंटर कॉलेज के पास बिशनपुरा गांव निवासी कमला प्रसाद विश्वकर्मा रेलवे लाइन पार कर रहे थे, तभी वह मालगाड़ी की चपेट में आ गए।
गेट संख्या 217 सी पर तैनात गेटमैन विनोद कुमार ने हादसे की जानकारी गौर स्टेशन को दी। स्टेशन मास्टर ने आरपीएफ कंट्रोल बभनान को अवगत कराया।
आरपीएफ उप निरीक्षक बभनान हरिराम यादव ने मामले की जानकारी गौर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची गौर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुट गई।
पुलिस का कहना है कि जिस जगह हादसा हुआ है, वहां से युवक का गांव करीब ढाई किमी दूर है। ऐसे में सुबह वह इतना दूर कैसे आया और कहां जा रहा था कि ट्रेन की चपेट में आ गया, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
गांव में दबी जुबान से यह भी चर्चा है कि कमला प्रसाद ने घरेलू वजह से आत्महत्या की है। प्रभारी निरीक्षक रामकुमार राजभर ने बताया कि शव की पहचान हो गई है। पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।ग