बनकटी। पारिवारिक विवाद के चलते तनाव में आकर लालगंज थाना क्षेत्र के बानपुर गांव के युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बानपुर निवासी 47 वर्षीय राम प्रसाद दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करते थे। करीब आठ महीने पहले अपनी पत्नी, दो बेटे व एक बेटी के साथ से वहां से घर लौटा। घर पर बड़े भाई भुलई से विवाद के बाद परिवार लेकर अलग हो गया। पास में टिनशेड डालकर परिवार सहित रहने लगा।
ग्रामीणों के अनुसार, भाई से जमीन को लेकर उसका विवाद चलने लगा। इससे वह तनाव में रहता था। इसी तनाव में उसका पत्नी से भी झगड़ा होने लगा था। एसएचओ ब्रजेंद्र प्रसाद पटेल ने बताया कि दो दिन पहले उसने अपनी पत्नी को मारापीटा था। उसके बाद पत्नी मायके वालों को बुलाकर उनके साथ चली गई। इसी तनाव में मंगलवार रात राम प्रसाद ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। उल्टी-दस्त शुरू होने पर पड़ोस के लोग उसे अस्पताल ले जाने लगे, मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। उसके बेटे ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।