संवाद न्यूज एजेंसी
गौर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो की तरफ डाउन रेलवे लाइन से गोंडा से गोरखपुर जा रही स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई।
युवक की पहचान पैकोलिया क्षेत्र के ग्राम परसा पिरैला निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई। जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, पैकोलिया थाना क्षेत्र के परसा पिरैला निवासी सुनील कुमार (26) गौर थाना क्षेत्र के सिद्धौर गांव में अपनी बहन के यहां आया था।
रविवार की दोपहर में बिना किसी को कुछ बताए वह घर से निकल गया। कुछ ही देर बाद गौर रेलवे स्टेशन के सामने डाउन रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई।
सूचना पाकर पहुंची सुनील की पत्नी बिंदु देवी ने शव की पहचान की। आरपीएफ चौकी बभनान के एसआई हरिराम यादव ने बताया कि प्लेटफार्म संख्या दो की तरफ डाउन रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत होने की सूचना स्टेशन मास्टर से मिली।
शव की पहचान हो गई है। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक एमपी चतुर्वेदी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।ं