बारीजोत प्राथमिक विद्यालय के पास हुई घटना, आरोपी गिरफ्तार
दो लोगों में झगड़ा होते देख बीच-बचाव करने पहुंचा था रवि
संवाद न्यूज एजेंसी
नगर बाजार (बस्ती)। बारीजोत के पास 24 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि एक मनबढ़ किस्म का व्यक्ति सिगरेट पिलाने के लिए दूसरे से झगड़ा कर रहा था। इसी बीच बकैनिया गांव निवासी युवक पहुंच गया। उसने बीच-बचाव की कोशिश की तो मनबढ़ उसी से उलझ गया। हाथ में पहने पंच व चाकू से आंख के पास कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। आरोपी को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
नगर थाना क्षेत्र के ग्राम बकैनिया द्वीप निवासी सचिन कुमार पुत्र सियाराम से बारीजोत निवासी रवि कुमार रावत पुत्र जमुना प्रसाद रावत से मामूली विवाद को लेकर शुक्रवार की शाम को कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि शाम करीब पांच बजे प्राथमिक विद्यालय के पास राकेश की गुमटी पर सामान लेने की बात को लेकर गांव के ही धर्मेंद्र रावत उर्फ पिल्लू व विनीत रावत से सचिन की कहासुनी हो रही थी। इसी बीच रवि प्रकाश अपने खेत से घर की तरफ आ रहा था। बारीजोत प्राथमिक विद्यालय के पीछे रास्ते पर हो रहा झगड़ा छुड़ाने के लिए पहुंचा तो सचिन रवि प्रकाश से ही उलझ गया।
धीरे-धीरे बात बढ़ गई और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। तभी तैश में आकर सचिन ने पंच से रवि के आंखों व शरीर के अन्य अंगों पर वार कर दिए। इससे उनकी आंखों में गंभीर चोटें आईं। क्षेत्र भ्रमण पर निकले नगर थाना पर तैनात सिपाही अमित कुमार ने घायल के परिजनों को सूचना देकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से ही आरोपी को गिरफ्तार कर थाना पर ले आई। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से एक चाकू व एक पंच बरामद कर लिया गया है।
रवि कुमार की शादी सात वर्ष पूर्व सोनी रावत पुत्री सत्य नरायन प्रसाद निवासी मनिकौरा थाना ढिढई जनपद सिद्धार्थनगर के साथ हुई थी। उनसे एक बेटी पांच वर्षीय मानवी है। रवि की मौत से उनके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।