कलवारी। लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर बने कलवारी-टांडा पुल से बृहस्पतिवार शाम को एक 18 वर्षीय युवक ने अचानक सरयू नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची कलवारी पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कराई लेकिन सफलता नहीं मिली।
जानकारी के अनुसार दुबौलिया थाना क्षेत्र के उमरिया चौकी अंतर्गत सेमरा मुस्तहकम गांव निवासी विपिन यादव (18) पुत्र मूलचंद यादव उर्फ मोल्हू अपने बुआ के लड़के शिवम के साथ बृहस्पतिवार की शाम को कलवारी-टांडा पुल पर घूमने गया था। इसी दौरान अचानक विपिन ने पुल से नदी में छलांग लगा दी। विपिन के छलांग लगाने के बाद उसके साथ टहलने गए शिवम ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और कलवारी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कलवारी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सरयू नदी में विपिन की तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका। संवाद