आधे घंटे तक कस्बे के एक निजी चिकित्सालय में मची रही अफरा-तफरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान (बस्ती)। मंगलवार की दोपहर में कस्बे के बागेश्वर नाथ वार्ड में एक निजी अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब युवक को कुछ लोग पीटने लगे। लात मुक्कों से पिटाई करने के बाद जब गुस्सा शांत नहीं हुआ तो बेल्ट निकाल कर मारने लगे। यह देख मरीज व कर्मचारी सहित आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस में स्थिति को संभाला और पीड़ित को हिरासत में लेकर बभनान चौकी आई। युवक मनचला बताया जा रहा है। पीड़ित युवक ने बताया कि मारपीट के दौरान उसका पर्स व उसमें रखा नकदी व मोबाइल फोन आरोपियों ने छीन लिया।
चौकी प्रभारी बभनान धर्मेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस कर्मी भेज कर स्थिति को नियंत्रण किया गया। प्रभारी निरीक्षक गौर रामकुमार राजभर ने बताया कि क्राइम मीटिंग में होने के चलते घटना की जानकारी नहीं है। थाने पर पहुंचकर मामले की गहराई से जांच कराई जाएगी।