बस्ती। गांधीनगर स्थित इमामबाड़ा शाबान मंजिल में पैगम्बरे इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की बेटी हजरत फातिमा जहरा की याद में तीन दिवसीय शोक कार्यक्रम ‘यादे फातिमा’ का आगाज बृहस्पतिवार रात हुआ। पहली मजलिस में मोहम्मद रफीक और उनके साथियों ने सोजख्वानी की।
इसके बाद अनवार हुसैन पारसा, डॉ. अफजल हुसैन अफजल, सुहेल बस्तवी, फरजान, सफदर रजा और कुमैल हम्माद ने नजराने अकीदत पेश किए। कार्यक्रम का संचालन मौलाना हैदर मेंहदी ने किया।
मजलिस में मौलाना तकी रजा ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने हर अवसर पर अपने अहलेबैत की पहचान कराई और कुरआन के साथ अहलेबैत का दामन थामे रहने की सीख दी। कहा कि पैगंबर हजरत फातिमा जहरा का विशेष सम्मान करते थे। उनके आने पर अपनी जगह से खड़े हो जाते थे और उन्हें अपना जुज (अंश) बताते हुए फरमाया था कि जिसने फातिमा को अजीयत दी, उसने मुझे अजीयत दी।
मौलाना ने हजरत फातिमा के बागे फदक से जुड़े प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि पैगंबर की वफात के बाद जब उन्होंने अपना हक मांगा तो उन्हें निराश किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने हक के समर्थन में कुरआन की आयतें पेश करने के बावजूद उनकी बात नहीं मानी गई।
मौलाना ने कहा कि मौला अली से बैयत हासिल करने के लिए हजरत फातिमा के घर पर हमला किया गया और उन्हें प्रताड़ित किया गया।
उन्होंने बताया कि शिया मान्यता के अनुसार, पिता की वफात के करीब 90 दिन बाद 18 वर्ष की उम्र में हजरत फातिमा का इंतकाल हो गया।
कहा कि ‘यादे फातिमा’ कार्यक्रम का उद्देश्य हजरत फातिमा की मजलूमी को याद करना और उनके प्रति अपनी अकीदत व्यक्त करना है। कार्यक्रम में हाजी अनवार काजमी, इं. शबीब हैदर, शम्स आबिद, जीशान रिजवी, इमरान अली, जावेद, आले मुस्तफा, मोनू, ऐन, जिम्मी, अली सरवर और जर्रार हुसैन आदि मौजूद रहे।