बस्ती। जिले के बाल विकास विभाग में महिला कर्मचारियों की संख्या बढ़ेगी। इससे छोटे बच्चों और गर्भवती व धात्री महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों में बेहतर देखभाल हो सकेगा। इस बार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की 138 और सहायिका की 112 पदों पर भर्ती निकली है। इन पदों के लिए केवल महिला अभ्यर्थी ही पात्र होंगी। पुरुष अभ्यर्थी इन पदों के लिए आवेदन नहीं कर सकते।
जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भर्ती के लिए आवेदन जारी हो गया है। जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में संचालित बाल विकास परियोजनाओं में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के 250 रिक्त पद भरे जाएंगे। इन पदों पर चयन सीधी भर्ती के माध्यम से किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन के लिए 12 अगस्त तक का समय है। इससे पहले जनपद में 899 सहायिकाओं और 16 कार्यकर्ताओं की तैनाती की जा चुकी है। आवेदन के जरिये बेरोजगार युवती और महिलाएं रोजगार भी प्राप्त कर सकेंगी। इसके लिए विभाग की ओर से मानक तय किए गए हैं। बता दें कि जिले में 2526 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं।