नगर बाजार। कलवारी थाना क्षेत्र के महुआपार बेडुड्या गांव में मजदूरी मांगने गई महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने महिला को गालियां देते हुए लाठी-डंडे और सरिया से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में महिला के सिर में गंभीर चोट आई और हाथ टूट गया। पुलिस ने मामले में एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महुआपार टोला बेडुड्या निवासी अनीता पत्नी झिनकान ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 6 मार्च की शाम करीब सात बजे वह अपने खेत जा रही थीं। आरोप है कि रास्ते में शमशाद के खेत के पास पहले से घात लगाए बैठे संदीप, निर्मला, वंदना और सर्वजीत ने उन्हें रोक लिया। सभी आरोपियों के हाथ में लाठी, डंडा और सरिया था। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मजदूरी मांगने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर बेरहमी से मारपीट की। हमले में महिला के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। महिला के अनुसार सिर में छह टांके लगे हैं, सीटी स्कैन कराया गया तथा हाथ भी टूट गया। आरोप है कि हमलावर उन्हें मरा समझकर मौके से फरार हो गए और जान से मारने की धमकी भी दी। घायल महिला का इलाज कैली अस्पताल बस्ती में कराया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पहले थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई। एसपी के निर्देश पर कलवारी थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।