दुबौलिया। सरयू नदी का जलस्तर अब घटने लगा है। मंगलवार से नदी लाल निशान से 12 सेंटीमीटर नीचे होकर प्रवाहित हो रही है। लेकिन, तटबंधों पर नदी का दबाव बरकरार है। बाढ़ प्रभावित गांवों से पानी खिसक जरूर रहा है मगर यहां लोगों में कटान होने का भय बना हुआ है।
केंद्रीय जल आयोग अयोध्या कार्यालय के अनुसार मंगलवार शाम 5 बजे जलस्तर 92.610 मीटर पर दर्ज किया गया है। यह खतरे के निशान से 12 सेंटीमीटर नीचे है। चौबीस घंटे में केवल पांच सेंटीमीटर ही जलस्तर कम हुआ है। बाढ़ प्रभावित गांव सुविका बाबू से पानी खिसक रहा है। गांव की पगडंडी वाले रास्ते पर घुटने भर पानी अभी भी भरा हुआ है। नागरिकों की दुश्वारियां अभी कम नहीं हुई है। फसलों के डूबकर बर्बाद होेने का डर बना हुआ है। उधर जलस्तर घटने से कटान का खतरा है। फिलहाल बाढ खंड तटबंध की निगरानी मेंं जुटा हुआ है। संवाद