सोनहा। थाना क्षेत्र के आमा गांव में शुक्रवार सुबह संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, आमा निवासी सावित्री (36) पत्नी जयनरायन चौधरी की शुक्रवार की सुबह तबीयत खराब हो गई। परिजन पीएचसी सल्टौआ ले गए। वहां पहुंचते ही चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर आए और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर अतिरिक्त निरीक्षक रमजान अली अंसारी फोरेंसिक टीम के साथ पहुंऐ और जांच-पड़ताल की। पुलिस की पूछताछ में मृतका के पति जयनरायन ने बताया कि मेरे भाइयों से जमीन का विवाद चल रहा है। कई बार कहासुनी हुई है कई दिन पहले मारपीट हुई थी। इसी चोट के चलते उसकी तबीयत रात से ही खराब थी। प्रभारी निरीक्षक मोती चंद्र राजभर ने बताया कि मृतका के पति की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर आगे कार्रवाई की जाएगी। संवाद