आने-जाने में रास्ते से ज्यादा तारों पर देना पड़ता है ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बिजली आपूर्ति के लिए शहर में स्थापित संसाधनों की दशा बेहद खराब है। जर्जर तार जमीन की तरफ लटके हुए हैं। इससे नागरिकों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। हमने जन समस्याओं को देखते हुए बृहस्पतिवार को कुछ मुहल्लों जायजा लिया। तमाम जगह स्थिति बेहद खराब मिली। करंट प्रवाहित तारों का जमीन से डेढ़ से दो मीटर ऊपर लटकना खतरे का संकेत माना जा सकता है।
शहर के महरीखावां, तुर्कहिया और पांडेय पोखरा क्षेत्र में स्थिति बेहद संवेदनशील मिली। पांडेय पोखरा मोहल्ले में 11 केवी की एरियल बंच कंडक्टर (एबीसी) जमीन से महज दो मीटर ऊपर लटकती मिली। मार्ग से गुजर रहे धर्मेंद्र ने बताया कि यदि बचकर न चलें तो केबल सिर में छू जाए। महरीखांवा में रामबाग स्कूल के पास 11 केवी की एबीसी लाइन के तार कटे हुए मिले, यह जमीन से महज डेढ़ मीटर ऊपर लटक रहे हैं। गौर करने वाली बात यह कि इस लाइन में 24 घंटे करंट प्रवाहित होता रहता है। ब्लॉक रोड पर दिनभर भारी ट्रैफिक रहती है। यहां पर डबल खंभे पर रखे गए ट्रांसफार्मर का एलटी लाइन का नंगा तार जमीन से महज एक मीटर ऊंचाई पर लगाया गया है। भीड़-भाड़ अधिक होने से यहां दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। यही हाल रौता पेट्रोल पंप, बड़ेवन, नरहरिया काली मंदिर, बरनवाल कॉलोनी, प्रहलाद कॉलोनी, रानी पोखरा, डमरूआ, उत्तरी आवास विकास, नेबुलवा ताल, पांडेय पोखरा, मनहनडीह, रामपुर, सुपेलवा, हवेलिया खास, मड़वानगर न्यू कॉलोनी आदि इलाकों में देखा जा सकता है।
-
- लाइनों पुरानी होने के कारण लटक रही है। शहर में पुरानी लाइनों को बदलने का काम चल रहा है। जल्द ही सभी पुरानी लाइनें हटाकर नई लगा दी जाएंगी।
मनोज कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता नगरीय।