बेहिल गांव के समीप झूल रहा विद्युत तार -संवाद
महादेवा। महादेवा-मुंडेरवा मार्ग से बेहिल गांव जाने वाले संपर्क मार्ग पर बेहिल गांव के समीप एलटी (लो टेंशन) विद्युत तार सड़क पर लटका हुआ है। जिससे क्षेत्र में दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। तार लकड़ी की बल्ली के सहारे किसी तरह टिका हुआ है जो कि बहुत ही खतरनाक स्थिति है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली निगम को सूचना दी गई है परंतु अभी तक कोई ठीक करने नहीं आया।
सोमवार को सुबह प्रसिद्ध बेहिल नाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंची। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु इसी मार्ग से मंदिर तक पहुंच रहे हैं और सड़क पर लटके तार के नीचे से गुजरने को मजबूर हैं। जबकि तार में बिजली भी प्रवाहित हो रही है।
इससे इससे हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय दीनबंधु, गणेश, सुजीत एवं श्रद्धालुओं ने विद्युत निगम और प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर तार दुरुस्त कराने की मांग की है। निगम के महसो उपकेंद्र के अवर अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही उसे ठीक कराया जा रहा है। संवाद