दो दिन में तीन चालकों-परिचालकों की मौत के बाद जागा मुख्यालय
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। 18 व 19 जून को प्रदेश भर में परिवहन निगम के तीन चालकों व एक परिचालक की मौत होने के बाद मुख्यालय को स्टाॅफ की चिंता सताने लगी। निगम मुख्यालय ने निर्देश दिए हैं कि तेज धूप में लू से बचाव के लिए रोडवेज के ड्राइवर व कंडक्टर को ओआरएस का घोल व ठंडा पानी उपलब्ध कराया जाए। इसे पीकर ही वे बसों का संचालन करेंगे। इसके लिए सभी बस स्टेशनों व कार्यशालाओं में इसका इंतजाम करने का फरमान जारी कर दिया गया है। इस आदेश से बस्ती बस स्टेशन व कार्यशाला में जिम्मेदार व्यवस्था बनाने में जुट गए हैं।
पिछले दिनों लू का स्तर इतना बढ़ गया था कि बस्ती डिपो में कई चालक-परिचालक बीमार पड़ गए। यही नहीं 18 व 19 जून को प्रदेश भर में परिवहन निगम के तीन चालकों व एक परिचालक की मौत हो गई। इससे घबराए निगम मुख्यालय से प्रधान प्रबंधक (संचालन) अंकुर वर्मा ने सभी आरएम व एआरएम को स्टेशन व कार्यशाला में ओआरएस का घोल व ठंडे पानी का इंतजाम करने का निर्देश जारी कर दिया है।
निगम की मंशा है कि कार्यशाला से बसों को लेने के पहले चालक को ओआरएस व ठंडा पानी उपलब्ध हो जाएगा तो उनका लू से बचाव हो सकेगा। बस्ती डिपो के स्टेशन पर शीतल पेयजल का इंतजाम पहले से ही दुरुस्त है, लेकिन ओआरएस के लिए स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया जा रहा है। इससे डिपो के चालकों व परिचालकों को बेहतर सुविधा मिल जाएगी।
...
कोट
बस स्टेशन व कार्यशाला में शीतल पेयजल का इंतजाम गर्मी के शुरुआती दिनों में ही कर दिया गया था। ओआरएस के लिए स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया गया है। पर्याप्त मात्रा में ओआरएस की व्यवस्था बनाई जा रही है। यह निशुल्क वितरित की जाएगी।
- आयुष भटनागर, एआरएम, बस्ती डिपो