पांच विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव की गणना शनिवार को मंडी समिति में सुबह आठ बजे से होगी। शनिवार को 58 प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला तीन बजे से पहले हो जाने की संभावना है। गणना से संबंधित प्रशासन की ओर से तैयारी पूरी कर लेने का दावा किया गया।
10 मार्च को मतगणना कर्मियों को विकास भवन में अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। वोटों की गिनती के दौरान अगर किसी ईवीएम में खराबी होती है, तो त्वरित दूर करने के लिए विशेष रूप से 25 मास्टर ट्रेनर तैनात किए गए हैं। प्रत्येक विधानसभा में पांच-पांच मास्टर ट्रेनर तैनात रहेंगे। सबसे पहले सर्विस वोटर, मतदान कर्मी और गैर जनपद के कर्मियों के वोटों की गिनती होगी उसके बाद ईवीएम में पड़े वोट गिने जाएंगे। इसके लिए तीन राजपत्रित अधिकारियों की टीम लगाई गई है।
गणना के लिए प्रत्येक विधानसभा में 14 टेबुल लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त दो-दो टेबुल आरओ का रहेगा। इस तरह कुल 80 टेबुल लगाए गए हैं। चार सौ से अधिक कुर्सी हैं। मतों की गणना दो शेड में होगी। पहले शेड में कप्तानगंज और हर्रैया व दूसरे शेड में बस्ती सदर, रूधौली और महादेवा विधानसभा की गणना होगी। शुक्रवार को डीएम, एसपी, सीडीओ और एडीएम सहित मतगणना से जुड़े अन्य अफसरों ने मंडी समिति में जाकर व्यवस्था का जायजा लिया। मतगणना स्थल पर जारी पास वाले को ही जाने की अनुमति होगी। मोबाइल और अन्य ज्वलनशील वस्तुओं के ले जाने पर प्रतिबंध है।
सीडीओ व एडीएम के जिम्मे कानून व्यवस्था
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम प्रभु एन. सिंह की ओर से जारी निर्देश में मतगणना परिसर में शांति व्यवस्था की जिम्मेदारी सीडीओ और एडीएम को दी गई है। इसी तरह अन्य नौ जिला स्तरीय अधिकारियों को प्रभारी बनाया गया है। हर्रैया विधानसभा के लिए पीडी आरपी सिंह, कप्तानगंज के लिए डीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव, रूधौली के उपायुक्त मनरेगा अनिल कुमार सिंह, बस्ती सदर के जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीशचंद्र पाठक, महादेवा के उप श्रमायुक्त रवि प्रकाश गुप्त प्रभारी बनाए गए हैं। इसी तरह गेट नंबर जिससे प्रत्याशी और उनके गणना एजेंट जाएंगे का प्रभारी डिप्टी कलेक्टर कीर्ति प्रकाश भारती, गेट नंबर प्रवेश द्वार मतगणना कर्मी के प्रभारी उपायुक्त एनआरएलएम दिग्विजय नाथ तिवारी, मीडिया प्रभारी सहायक निदेशक सूचना मुरलीधर सिंह और प्रेक्षक पंडाल के प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी अनुराम मिश्र को बनाया गया है।