छात्र की खुदकुशी की सूचना पर सीएचसी पर लगी परिवार व गांव के लोगों की भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी कप्तानगंज (बस्ती)। नेवादा गांव में सोमवार की दोपहर में बंद कमरे में छत के कुंडे से लटका कक्षा आठ के छात्र का शव मिला। परिजन उतारकर उसे सीएचसी कप्तानगंज ले गए, जहां पर डॉक्टर ने छात्र को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नेवादा गांव के रामनाथ चौधरी दिल्ली में रहकर ठेकेदारी करते हैं। इन दिनों वह घर आए हैं। उनका इकलौता बेटा 15 वर्षीय राकेश कुमार उर्फ निखिल कस्बे के एक स्कूल में कक्षा आठ का छात्र था।
रामनाथ ने एक बाइक खरीदी थी। सोमवार को वह बाइक चलाने की जिद कर रहा था। पिता ने बड़े होने पर चलाने की बात कही।
परिजनों के अनुसार, इससे नाराज होकर उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया। परिवार के लोगों ने खोजबीन की तो कमरे का दरवाजा बंद था। दोपहर करीब तीन बजे परिजनों ने दरवाजा खोला तो राकेश फंदे से झूलता मिला। सीओ हर्रैया संजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।