फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आग की घटनाओं में कई किसानों का गेहूं राख

Sat, 20 Apr 2019 01:12 AM IST
राकेश पांडेय बस्ती (ब्यूरो)
विज्ञापन
आग की घटनाओं में कई किसानों का गेहूं राख - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विक्रमजोत (बस्ती)। छावनी थाना क्षेत्र के गुंडा कुंवर गांव के दक्षिणी सिवान में खेतों में लटके तारों के टकराने से निकली चिंगारी से 27 बीघे गेहूं की फसल राख हो गई। सूचना के बाद भी दमकलकर्मियों के न पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने रामजानकी मार्ग पर पहुंचकर जाम लगा दिया। लोगों ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। क्षेत्र के संभ्रांत लोगों के समझाने पर लोगों ने जाम समाप्त किया। इस दौरान जाम में हल्का लेखपाल भी फंसे रहे। उधर, सूचना के करीब ढाई घंटे बाद पहुंचे दमकल कर्मियों और डायल 100 पुलिस को घेर कर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।
विज्ञापन


गुुंडा कुंवर के पांच किसानों को भारी क्षति हुई है। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे खेतों में उठती लपटें और धुएं के साथ राख के गुबार पर लोगों को जानकारी हो सकी। तत्काल गांव वालों ने तत्काल विद्युत उपकेंद्र के साथ ही साथ फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी। शोर मचाते हुए सभी अपने खेतों में लगी आग को बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाए लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। जिसमें गुंडाकुवंर निवासी अवधेश सिंह का 10 बीघा, राजहंस सिंह का चार, प्रह्लाद सिंह, परमहंस सिंह का 4-4 बीघा गेहूं जल चुका था। इसी तरह दुर्योधन सिंह का दो बीघा गेहूं तथा सडक के किनारे रखी गुमटी भी जल गई। गांव के लोगों की सूचना के लगभग ढाई घंटे बाद पहुंचे दमकल कर्मियों और डायल 100 पुलिस को देखकर लोगों में नाराजगी बढ़ गई। ग्रामीणों ने उन्हें घेर कर पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कहीं और आग लगने की सूचना पर गांव वालों ने अग्निशमन के कर्मचारियों को जाने दिया जबकि काफी देर तक डायल 100 पुलिस को रोककर ग्रामीण नारेबाजी करते रहे। बाद में प्रबुद्धजनों के समझाने पर शांत हुए।उधर, मुंडेरवा प्रतिनिधि के अनुसार अज्ञात कारणों से लगी आग में दो गांवों के 50 किसानों की 110 बीघे गेहूं की फसल जल कर राख हो गई। दोनों गांवों के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद दमकल की गाड़ी भी पहुंची लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था। शुक्रवार को थाना क्षेत्र के भैसा पांडेय और मनिकौरा के पूरब कुरियार गांव के पश्चिमी सीवान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जब तक लोगों को खेत में लगी फसल जलने की जानकारी होती तब तक मनिकौरा गांव के सीवान में हवा के साथ लपटें भी तेजी से बढ़ने लगीं। कुरियार गांव के पश्चिमी सीवान में भैसा पांडेय और मनिकौरा गांव के लोगों का खेत है। आग बुझा रहे लोगों का कहना था कि किसी ने सिगरेट पीकर फेंक दिया होगा। जिसके कारण आग लग गई। आग लगने की सूचना भी राहगीरों ने शोर मचाते हुए दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने झाड़ियों से पीट पीट कर किसी तरह आग पर काबू पाया। इसी बीच किसी ने अग्निशमन विभाग को भी सूचना दे दे थी। आग पर काबू पाए जाने तक सतीश चन्द्र, रामधनी, सतीराम, रामवृक्ष, विनोद कुमार, अनिल कुमार, रुद्रेश कुमार, कृष्ण चन्द्र, दीनानाथ, सुभागी, करोड़पति, उदयराम, प्रहलाद सहित अन्य के खेतों में लगी गेहूं की फसल जल चुकी थी। मुंडेरवा एसओ सदानन्द सिंह मय फोर्स और फायर ब्रिगेड के लोग मौके पर पहुंचे। तहसीलदार  सदर पवन कुमार जायसवाल, लेखपाल विक्की, विपिन, विवेक कुमार और प्रवीन्द गिरि ने नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट तैयार की। बाद में आग से हुई क्षति के आंकलन की रिपोर्ट प्रशासन को भेजने की बात भी कही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें