रात में अचानक बदला मौसम, दिनभर धूप-छांव की रही स्थिति
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बीते कुछ दिन से मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। चार, पांच फरवरी को बारिश के बाद से तापमान में लगातार वृद्धि हो रही थी। सोमवार रात पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम ने अचानक करवट बदला और तेज हवा के बाद बूंदाबांदी हुई। दिनभर धूप-छांव की स्थिति बनी रही।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पश्चिमी हिमालयन रीजन में वेस्टर्न डिस्टरबेंस की सक्रियता बढ़ गई है। इसका असर पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में यह सक्रियता तीन से चार दिन तक बनी रह सकती है। अनुकूल माहौल बनने पर बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी। पिछले सप्ताह अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय अयोध्या के माैसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। सोमवार की रात बूंदाबांदी इस बात का संकेत है कि अगले 48 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।