बभनान। बभनान चीनी मिल का मौजूदा पेराई सत्र 20 अप्रैल तक पूरा होने का अनुमान है। अब तक चीनी मिल के 31 क्रय केंद्र बंद हो चुके हैं। गेट सहित महज 28 क्रय केंद्र ही रेगुलर चल रहे हैं। ऐसे में पेराई सत्र का जल्द ही अवसान होने का अनुमान है।
चीनी मिल के श्रम अधिकारी केपी सिंह ने बताया कि चीनी मिल परिक्षेत्र के 79 क्रय केंद्र से मौजूदा पेराई सत्र के शुरुआत में गन्ने की तौल की जा रही थी। उसमें 31 क्रय केंद्र गन्ने के अभाव में बंद कर दिए गए हैं। वहीं 20 क्रय केंद्रों पर गन्ना कम आने से वहां टिकट मुक्त किया गया है। बताया कि चीनी मिल गेट सहित महज 28 केंद्र रेगुलर संचालित हो पा रहे हैं। ऐसे में अब क्षेत्र में गन्ना का अभाव होने के चलते जल्द और केंद्र बंद होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि किसानों के कैलेंडर में जो पर्ची थी उनको निर्गत करने का निर्देश दिया गया है। धीरे-धीरे गन्ना की पहुंच कम हो रही है। ऐसे में जल्द ही गेट सहित अन्य केंद्रों पर भी मुक्त तौल शुरू करने का योजना बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि 20-21 अप्रैल तक चीनी मिल का मौजूदा पराई सत्र का अवसान होने की अनुमान है।